देवास में अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम ने की आत्महत्या, परिवार सदमे में

Hindi Reporter
0

Rohini Kalam Dewas news : मध्यप्रदेश के देवास शहर में एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी और मार्शल आर्ट कोच रोहिणी कलम (35 वर्ष) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार को अर्जुन नगर, राधागंज क्षेत्र में हुई, जहां रोहिणी अपने परिवार के साथ रहती थीं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिसके चलते आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। इस घटना से रोहिणी का परिवार गहरे सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Rohini Kalam Dewas news

एक दिन पहले ही लौटी थीं घर :

जानकारी के अनुसार, रोहिणी आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के रूप में कार्यरत थीं। वह शनिवार को ही अपने घर देवास लौटी थीं। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था। रोहिणी ने परिवार के साथ बैठकर नाश्ता किया था, लेकिन इसके बाद उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉल के बाद वह अपने कमरे में चली गईं। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आईं, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि रोहिणी ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।

पुलिस जांच में जुटी, कोई सुसाइड नोट नहीं :

परिजनों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इस वजह से आत्महत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं रोहिणी : 

परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले रोहिणी के पेट में एक गठान का पता चला था, जिसका ऑपरेशन हुआ था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी आत्महत्या का यह स्वास्थ्य समस्या से कोई संबंध था या नहीं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर थीं पहचान: 

रोहिणी कलम एक प्रतिभाशाली जुजित्सु खिलाड़ी थीं। उन्होंने पिछले साल अबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीतकर देश और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया था। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें खेल जगत में खास पहचान दिलाई थी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default