सपोटरा : पतरामपुरा में सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने की जनसभा

करौली, राजस्थान । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा जन सरोकारों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने ग्राम पंचायत पतरामपुरा में मंगलवार को जनसभा को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने आमजन की संवेदनाओं को सुना और विभिन्न प्रकरणों में त्वरित राहत दिलवाई।


जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम राज्य सरकार एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे समस्याओं का समाधान धरातल पर संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा नई योजना विकसित भारत- जी राम जी योजना के तहत मनरेगा की तुलना में 100 दिवस के स्थान पर 125 दिवस का रोजगार वर्ष में करने का प्रावधान किया गया है। वहीं भुगतान व्यवस्था को भी ओर अधिक पारदर्शी बनाते हुए सात दिवस में भुगतान की व्यवस्था की गई है। वहीं रोजगार के अवसर प्रदान करने की व्यवस्था को इसमें और सुदृढ़ किया गया है।

इस दौरान सपोटरा ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, राजस्व प्रकरणों, आवास, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव सपोटरा विधायक के समक्ष रखे। विधायक ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कर ग्रामीणों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। 

ये भी पढ़ें - 

गंगापुर सिटी का नाम रोशन करने वाले भागेश जैन का जैन समाज ने किया सम्मान

जिन प्रकरणों का समाधान तत्काल संभव नहीं था, उनमें नियमानुसार समय-सीमा निर्धारित करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना ने प्राप्त प्रकरणों को दर्ज कर शीघ्र ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को जागरूक रहकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य कार्याकरी अधिकारी शिवचरण मीना, उपवन संरक्षक सुनील बंसल, उपखण्ड अधिकारी प्रेमराज मीना सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जन प्रतिनिधि एवं विशाल जनसमूह उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments