करौली को रेल से जोड़ने के लिए सांसद भजनलाल से रेल विकास समिति की व्यापक चर्चा

करौली, राजस्थान । जिला मुख्यालय पर रेल विकास समिति करौली ने करौली प्रवास पर आए सांसद भजन लाल जाटव से करौली को शीघ्र रेल से जोड़ने के लिए उनके प्रयासों की जानकारी ली तथा बार –बार जनप्रतिनिधियों द्वारा नए प्रस्ताव देकर परियोजना में देरी करवाने पर असंतोष जताया ।


रेल विकास समिति के महासचिव वेणुगोपाल शर्मा ने सांसद को बताया कि उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य इंजीनियरिंग निर्माण के अनुसार परियोजना के प्रथम चरण में धौलपुर, बाडी एवं सरमथुरा तीन तहसीलों में भूमि का अधिग्रहण किया जाना था, लेकिन राजस्थान सरकार द्वारा अभी तक पूर्ण रूप से रेलवे को भूमि स्थानांतरित नहीं की है । जबकि समस्त अवार्ड राशि रेलवे द्वारा जमा कराई जा चुकी है ।

सांसद को बताया गया कि परियोजना के दूसरे चरण में सरमथुरा से गंगापुर सिटी तक ब्रॉडगेज का विस्तार किया जाना है किंतु जनप्रतिनिधियों एवं राजस्थान सरकार द्वारा बदलाव के प्रस्ताव देने से परिवर्तित प्रस्ताव के अनुसार तकमीने में बदलाव किया जा रहा है । ऐसी स्थिति में प्रस्तावों की स्वीकृति के बाद ही दूसरे चरण का कार्य शुरू होगा ।

सांसद ने कहा की इस संबंध में वह आगामी लोकसभा सत्र के दौरान रेल मंत्री से बात करके परियोजना को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध करेंगे ।

सांसद के साथ मौजूद टोडाभीम विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम महर ,करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव भूपेन्द्र भारद्वाज ने चर्चा में भाग लेते हुए जिला मुख्यालय को यथा शीघ्र रेल से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया । इस दौरान रेल विकास समिति के एडवोकेट जितेंद्र मित्तल के अलावा अनेक सदस्य मौजूद थे ।

Post a Comment

0 Comments