राष्ट्र गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण, रैली का आयोजन कर शहीदों को किया नमन

करौली, 08 नवम्बर। राष्ट्र गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य शनिवार को जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजित की गई। इस शृंखला में वंदे मातरम् रैली का आयोजन किया गया। रैली को करौली विधायक श्री दर्शन सिंह गुर्जर ने त्रिलोकचंद माथुर स्टेडियम से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर गुलाब बाग, हाथीघटा होते हुए राजकीय पीजी कॉलेज में समाप्त हुई।


 रैली का माहौल देशभक्ति के जज्बे से सराबोर रहा। भारत माता के वंदन के इस उत्सव में सैकड़ों हाथों में लहराते तिरंगे और स्वर लहरियों के साथ वंदे मातरम्, भारत मां का गुणगान, नमन और वंदन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रांगण में स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया। विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 150 वर्ष पूर्व बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने जब वन्दे मातरम् की रचना की, तब उन्होंने केवल एक गीत नहीं लिखा, बल्कि राष्ट्र की आत्मा को स्वर दिया। 


यह गीत स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा बना, जिसने हर भारतीय के मन में मातृभूमि के प्रति प्रेम और त्याग की भावना जगाई। आइए, हम सब मिलकर यह प्रण लें कि अपने कर्म और परिश्रम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे। 

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीना, सूचना जनसंपर्क के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र कुमार मीना, जिलाध्यक्ष गोबर्धन सिंह जादौन, कार्यक्रम के संयोजक सुरेश चंद शुक्ला, सहसंयोजक अजयपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

 तत्पश्चात राजकीय महाविद्यालय में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र, छात्राऐं एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 15 यूूनिट ब्लड डोनेट किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी हरिनारायण मीना ने बताया कि नियमित रक्तदान करने से शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है एवं हार्ट अटैक की सम्भावना भी 90 प्रतिशत कम हो जाती है। 

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदीश मीना ने बताया कि रक्तदान से लीवर स्वस्थ रहता है, मोटापे से बचा जा सकता है और हर तीन माह के अन्तराल में पुरूष एवं हर चार माह के अन्तराल में महिला रक्तदान कर सकती है। 

Post a Comment

0 Comments